
लालगंज (बलिया)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सदर बलिया के प्रथम विधायक एवं महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कालेज दलनछपरा के संस्थापक पं. राम अनन्त पाण्डेय की 121वीं जयंती मंगलवार को कालेज प्रांगण में सादगीपूर्ण ढंग से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक रीति-रिवाज से उनकी प्रतिमा का पूजन-अर्चन कर हुई, तत्पश्चात उपस्थित जनों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा निवेदित की।

इस अवसर पर बलिया के पूर्व सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने कहा कि राम अनन्त बाबा महात्मा गांधी के अनुयायी थे और उन्होंने स्वावलंबन आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। आज आवश्यकता है कि उनके स्वावलंबन के विचारों को और अधिक गति एवं मजबूती प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि स्वावलंबन ही देश को नई ऊँचाई देगा और हमें कभी भी किसी के आगे हाथ फैलाने की स्थिति में नहीं आना चाहिए।
विद्यालय के प्रबंधक एवं मुरलीछपरा के ब्लॉक प्रमुख कन्हैया सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे महापुरुषों के विचार और आदर्श समाज को नवीन ऊर्जा प्रदान करते हैं। आने वाले समय में इस आयोजन को और भव्यता प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में राधेश्याम पाण्डेय, डा. ऋषिकेश पाण्डेय, डा. विपुलेन्द्र प्रताप सिंह, त्रयंबक चन्द्रात्रेय, संतोष कुमार शुक्ला व शिव नारायण तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने पं. पाण्डेय के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स तथा क्षेत्रीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूर्यदेव मिश्रा ने की तथा संचालन कृष्ण कुमार पाण्डेय ने की l



