
रसड़ा (बलिया)। रसड़ा के प्रसिद्ध रामलीला में सोमवार को पूर्व परम्परा के अनुसार मेला कमेटी के तत्वावधान में स्थानीय गांधी पार्क स्थित रोशा शाह के पोखरा (सरोवर) में भगवान राम गंगा पार लीला का मंचन किया गया। जहां भगवान राम और केवट के मार्मिक संवाद को सरोवर के चारो तरफ खड़े हजारों दर्शक अपलक निहारने को विवश रहे। मेला मंचन के क्रम में भगवान राम वनगमन के बाद प्रभु श्रीराम माता जानकी, लक्ष्मण गांधी पार्क स्थित सरोवर पर शाम को गंगा पार करने पहुंचे, जहां भगवान राम और नाविक निषादराज केवट के बीच अत्यंत मार्मिक संवाद हुआ। जिसके बाद केवट ने भगवान राम,माता जानकी, भैया लक्ष्मण जी को गंगा पार कराया गया। इस दौरान भक्ति पूर्ण केवट गीत को सुनकर सभी को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। इस दौरान सरोवर के चारों तरफ दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। गांधी पार्क में बच्चों की खिलौना की दुकानें सजी थी। इसके बाद देर शाम को शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें रथ पर सवार भगवान राम लक्ष्मण मां सीता की नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के द्वारा पूजा अर्चना आरती कर मंगल की कामना की गई।इस मौके पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संतोष जायसवाल, महामंत्री निर्मल पांडेय, अविनाश सोनी, मनोज पांडेय उर्फ टुन्ना बाबा, शिबू श्रीवास्तव, इकबाल अंसारी, दाऊद अंसारी आदि रहे। सुरक्षा और शांति व्यवस्था के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह, पुलिस चौकी उत्तरी के प्रभारी राजकेशर सिंह बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ मुस्तैद रहे।



