
लालगंज (बलिया)। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दोकटी परिसर में हवन-पूजन, पूजा-पाठ एवं विद्या आरंभ संस्कार कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन से किया गया, जिससे संपूर्ण विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि दलन छपरा पकड़ीतर निवासिनी श्रीमती मौसमी देवी उपस्थित रहीं।

उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया तथा बच्चों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा प्रदान करती है। उन्होंने संस्कारयुक्त शिक्षा पर बल देते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान विद्यासागर यादव, विद्यालय के प्रबंधक श्री कन्हैया जी सिंह, प्रधानाचार्य श्री छितेश्वर मिश्र, स्वयं प्रकाश गुप्ता, खुशबू शर्मा, अभिषेक वर्मा, अजीत रावत, भोला ठाकुर, नरेंद्र यादव, देवतानंद सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि, अभिभावकगण एवं भैया-बहनें उपस्थित रहे। सभी ने मां सरस्वती की आराधना कर विद्या, विवेक और सद्बुद्धि की कामना की।
प्रधानाचार्य श्री छितेश्वर मिश्र ने अपने संबोधन में बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व ज्ञान, कला और संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि विद्या आरंभ संस्कार बच्चों के जीवन में शिक्षा की मजबूत नींव रखता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



