अध्यात्मकार्यक्रमबलिया

ध्वाजारोहण एवं नगर भ्रमण के साथ शतचंडी महायज्ञ का हुआ शुरूआत


दुबहड़,(बलिया)। क्षेत्र के शिवपुर दियर नई बस्ती बेयासी स्थित उधोदास की मठिया पर आयोजित होने वाले ‘शतचंडी महायज्ञ’ का आगाज रविवार को भव्य ध्वजारोहण और नगर भ्रमण के साथ हुआ। गाजे-बाजे, शंखध्वनि और गगनभेदी जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण में क्षेत्र की परिक्रमा की। महायज्ञ के आचार्य वासुदेवाचार्य के कृपा पात्र शिष्य श्रीप्रकाश महाराज ने ध्वजारोहण के उपरांत श्रद्धालुओं को संबोधित कर कहा कि शतचंडी महायज्ञ से न केवल क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि आती है, बल्कि इससे सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार होता है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना जागृत करना और मानव कल्याण की भावना को सुदृढ़ करना है। यज्ञ समिति के अध्यक्ष भगवान जी मिश्रा ने बताया कि इस महायज्ञ के माध्यम से समाज में शुद्ध आचरण और सात्विक जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर ग्रामीणों ने महायज्ञ के दौरान और उसके पश्चात मांस, मदिरा एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन का लक्ष्य समाज में शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को पुनर्स्थापित करना है। समिति के वरिष्ठ सदस्य गणेश जी सिंह ने सफल ध्वजारोहण के लिए सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, विधिवत पूजा-पाठ और विद्वान कथावाचकों द्वारा प्रवचन आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का वातावरण आध्यात्मिक बना रहेगा। इस भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से ग्राम प्रधान धर्मेंद्र यादव, पूर्व प्रधान पिंटू मिश्रा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पवन गुप्ता, राजू मिश्रा, राहुल मिश्रा, बसंत सिंह, सुजीत सिंह, अवध कुमार तिवारी, कामेश्वर पांडेय, नीरज सिंह आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button