जच्चा-बच्चा की मौत से बवाल: निजी अस्पताल बंद कर फरार हुए संचालक, परिजनों ने किया हंगामा

नगरा (बलिया)। नगर बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सटे निजी अस्पताल मंजू क्लिनिक पर सोमवार की सुबह जच्चा-बच्चा की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना के बाद परिजनों के गुस्से का अंदाजा लगाते हुए अस्पताल संचालक तड़के ही बोर्ड हटाकर अस्पताल बंद कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, कसेसर गांव निवासी 40 वर्षीय संगीता को रविवार की सुबह करीब 9 बजे प्रसव के लिए परिजन मंजू क्लिनिक लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में रात करीब 9 बजे नॉर्मल डिलीवरी कराई गई। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ने पर अस्पताल संचालकों ने उसे “क्रिटिकल” बताते हुए ऑपरेशन की बात कही और मऊ से डॉक्टर बुलाने की बात कही।
रात 11 बजे डॉक्टर के आने के बाद महिला का ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद उसकी स्थिति और अधिक नाजुक हो गई। सोमवार तड़के करीब 3 बजे अस्पताल कर्मियों ने उसे एम्बुलेंस से मऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही संगीता ने दम तोड़ दिया।

इसकी जानकारी मिलते ही परिजन मृतका का शव लेकर वापस अस्पताल पहुंचे और गेट के सामने रखकर जमकर हंगामा करने लगे। इसी बीच अस्पताल संचालक अस्पताल का बोर्ड हटाकर फरार हो चुके थे।
सूचना पर पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी राकीब अख्तर ने अस्पताल को सील कर दिया,मृतका के पिता मुखदेव राम के तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया एवं परिजनों से बातचीत कर मामला शांत कराया। पुलिस ने अस्पताल संचालकों से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।



