
बलिया । जिले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ए-वन पूर्वांचल हॉस्पिटल और वरदान हॉस्पिटल को सील कर दिया है। वहीं दुर्गा हॉस्पिटल और स्वस्तिक हॉस्पिटल को आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



यह कार्रवाई हाल ही में ऑपरेशन के दौरान कथित लापरवाही के चलते प्रसूता रिंकू यादव और उसके जुड़वा नवजातों की मौत के मामले के बाद तेज की गई है। इस प्रकरण में पूर्वांचल अस्पताल के संचालक चन्द्रशेखर सिंह, डॉ. आदित्य सिंह सहित चार अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान अस्पताल परिसर में शौचालय के पास कूड़ेदान में नवजातों के शव मिलने से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूर्वांचल अस्पताल और ए-वन पूर्वांचल अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर (ओटी) को भी सील कर दिया था।
कार्रवाई करने वाली टीम में डॉ. अभिषेक मिश्रा, डॉ. मंजू रानी, डॉ. योगेंद्र दास, डॉ. योगेश पांडेय और डॉ. शशिकांत शामिल रहे।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया, जबकि पुलिस ने अस्पताल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।



