
बांसडीह (बलिया) । बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के गोठहुली गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दो युवकों ने एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल किशोरी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी चांदनी रात करीब साढ़े दस बजे अपने घर से कुछ दूरी पर मौजूद थी। इसी दौरान गांव के ही आदित्य उर्फ लड्डू और प्रकाश वहां पहुंचे। ग्रामीणों के मुताबिक, पहले दोनों युवकों ने गाली-गलौज कर माहौल बिगाड़ा और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी आदित्य ने अचानक चाकू निकालकर किशोरी पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घायल किशोरी की बहन नंदिनी की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन दोनों अभी फरार हैं।
थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जाल बिछा दिया है और शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



