अण्डे के गत्ते मे छुपा कर बिहार ले जा रहे 75 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद,एक अभियुक्त गिरफ्तार

बलिया। थाना नरही ने आबकारी अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री कृपा शंकर के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर श्री राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना नरही पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को थानाध्यक्ष नरही वीरेन्द्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ उजियार घाट कोरण्टाडीह पर कानून एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि गाजीपुर की ओर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए एक ट्रक (रजि0 नं0 NL01AB6544) शराब लेकर बिहार जा रहा है, जो बक्सर बॉर्डर पर चेकिंग के कारण रास्ता बदलकर बलिया की ओर आ रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना नरही पुलिस टीम द्वारा ट्रक का पीछा कर सोहांव पेट्रोल पंप के पास पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान ट्रक से 110 बंडल अंडे के गत्ते की आड़ में छुपाकर रखी गई कुल 9086.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई।
मौके से अभियुक्त अचला राम पुत्र भगवाना राम, निवासी मिठी बेरी, गोलिया जैतमाल, जिला बाड़मेर (राजस्थान), उम्र करीब 27 वर्ष, को गिरफ्तार किया गया।
बरामदगी के आधार पर थाना नरही पर मु0अ0सं0 06/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



