
मनियर(बलिया) । क्षेत्र के बड़सरी जागीर स्थित नहर मार्ग पर स्थित समाधि स्थल के समीप मंगलवार की देर रात एक युवक की गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चंदन उर्फ बाबू सिंह (पुत्र स्व. सुरेन्द्र सिंह) के रूप में हुई है। घटना स्थल बहारन सिंह के डेरा के पास बताया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मृतक नशे का आदि था और नशे की हालत में आए दिन विवाद की स्थिति बन जाती थी, जिसके चलते मनियर पुलिस ने उसे कई बार चालान भी किया था। बताया जा रहा है कि घटना के समय भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो आगे बढ़ते हुए हत्या तक पहुंच गया।
परिजनों ने बताया कि चार वर्ष पूर्व चंदन की शादी हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध ठीक न रहने के कारण उसकी पत्नी काफी समय से कहीं अन्य स्थान पर रह रही है।
सूचना मिलते ही मनियर पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी है। हत्या की इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों की तलाश में सक्रिय रूप से जुटी हुई है।



