
लालगंज (बलिया)। रेवती थाना क्षेत्र के चौबेछपरा ग्रामसभा के नौवावारा मौजा के समीप रेवती–बैरिया मुख्य मार्ग पर गुरुवार की शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इसमें 53 वर्षीय बाइक चालक राजेश शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दोकटी थाना क्षेत्र के मुरारपट्टी निवासी राजेश शर्मा पुत्र दमोदर शर्मा रेवती स्थित आरा मशीन से लकड़ी का पटरा जुगाड़ गाड़ी पर लोड कराकर अपनी मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। कोलनाला रेलवे क्रॉसिंग से लगभग 1 किलोमीटर दक्षिण उनकी बाइक किसी वाहन से टकरा गई। तेज टक्कर से उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सीएचसी रेवती पहुँचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रेवती पुलिस मौके पर पहुँची। मृतक के पैकेट में मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। दो दिन पूर्व ही राजेश शर्मा की पत्नी सुनीता देवी अपने छोटे पुत्र गजानन्द के साथ अपनी विवाहित पुत्री रूपा के यहाँ इलाज कराने दिल्ली गई थीं।



