गरीब परिवार की बेटी ज्योति मौर्या ने प्रदेश में प्रथम स्थान पाकर बलिया का नाम किया रोशन

लालगंज (बलिया)। शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में इस वर्ष बलिया जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है।
जनपद के श्री शिवनंदन गिरि पूर्व माध्यमिक विद्यालय, भगवानपुर (मुरलीछपरा) की कक्षा-7 की मेधावी छात्रा कुमारी ज्योति मौर्या, पुत्री श्री पुष्पेन्द्र मौर्या ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली ज्योति मौर्या की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सिद्ध कर दिया कि सफलता के लिए परिस्थितियाँ नहीं, बल्कि हौसला और मेहनत मायने रखती है।
इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं ग्रामवासियों ने ज्योति को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय छात्रा की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।




