
लालगंज (बलिया) । दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को लालगंज पुलिस चौकी पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अनुपम जयसवाल ने की।
थानाध्यक्ष ने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ मनाया जाए। पूजा पंडाल में मूर्ति की ऊंचाई और पंडाल की ऊंचाई पर विशेष ध्यान देने, अग्नि शमन यंत्र की व्यवस्था, महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइन बनाने और प्रत्येक समिति द्वारा अपनी सुरक्षा समिति गठित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने साफ कहा कि कोई भी सदस्य शराब पीकर पंडाल के आस-पास न रहे। मूर्तियों को लाने की पूर्व सूचना पुलिस को दी जाए तथा डीजे पर भद्दे गीत या तेज आवाज में संगीत न बजाया जाए। साथ ही पंडाल बिजली के तारों से काफी नीचे बनाए जाएं ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी आशुतोष मद्धेशिया, ग्राम प्रधान ब्रजेश गुप्ता, रंजन यादव, मनोज गुप्ता, राजकुमार सोनी, आशीष गुप्ता, अतुल सोनी, अभिनंदन पाठक सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे ।



