
लालगंज(बलिया )। बैरिया पुलिस और बदमाशों के बीच गुरुवार की भोर में बैरिया-दोकटी सोनबरसा ग्रीन फील्ड ओवरब्रिज के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसके दाहिने पैर में लगी। पुलिस ने तुरंत घायल बदमाश को सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है।
पूछताछ में बदमाश ने अपनी पहचान चेंपू उर्फ अभि राठौर उर्फ अभिनाश उर्फ अभिराम पुत्र नथुनी निवासी सावन छपरा, थाना दोकटी, जनपद बलिया बताई।
बता दे कि 13 सितंबर 2025 को थाना बैरिया क्षेत्र के कम्पोजिट सरकारी शराब की दुकान लालगंज पर शराब ले जाती पिकप को असलहे के बल पर बदमाशों ने लूट लिया था। इस मामले में अनुज्ञापी रबि भूषण सिंह पुत्र चन्द्रीप सिंह की तहरीर पर बैरिया पुलिस ने आठ नामजद एवं कुछ अज्ञात लोग के खिलाफ धारा 310(2)/352/61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर कई टीमों का गठन किया था।
इससे पहले मंगलवार को पुलिस ने इसी मामले में शामिल एक आरोपी मनीष वर्मा पुत्र पप्पू वर्मा निवासी सावन छपरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसकी निशानदेही पर लूटी गई सरकारी शराब, घटना में प्रयुक्त तीन बाइक और पिकअप बरामद कर ली गई थी।
इसी क्रम में गुरुवार को हुई मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी बिहार भागने की फिराक में था। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और एक बाइक बरामद की गई।
इस बाबत पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने बताया कि शराब लूटकांड के आरोपी के साथ ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस ओवरब्रिज के पास मुठभेड़ हुई। आत्मरक्षार्थ चलाई गई गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



