कार्रवाई:बगैर प्रोपराइटर व फार्मासिस्ट चल रही मेडिकल स्टोर को कराया बंद,चार को नोटिस

बलिया। प्रभारी औषधि निरीक्षक रजत कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रतसर के पास संचालित माधव मेडिकल स्टोर को मौके पर ही बंद करा दिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान प्रोपराइटर और फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है।
इसके अलावा औषधि निरीक्षक ने मधु फार्मेसी (सुखपुरा), एस.एस. मेडिकल एजेंसी, न्यू गौरी मेडिकल स्टोर (रतसर) तथा न्यू दीप मेडिसिन सेंटर (गड़वार) का भी निरीक्षण किया। चारों प्रतिष्ठानों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं, जिनकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। संबंधित प्रतिष्ठानों को एक सप्ताह के भीतर कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान कार्यालय लिपिक पीयूष सिंह भी उपस्थित रहे।
इसके उपरांत औषधि निरीक्षक ने बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दवा व्यापारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दवाओं का उचित भंडारण, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा मरीजों को बिक्री रसीद देना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



