
रसड़ा (बलिया)।नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर अखनपुरा में दो दिवसीय संकुल स्तरीय ज्ञान विज्ञान मेला एवं संस्कृति महोत्सव का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में कुल 252 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान प्रयोग, गणित प्रयोग, मूर्ति कला प्रदर्शनियां, वैदिक गणित प्रश्न मंच, विज्ञान प्रश्न मंच, संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच, त्वरित भाषण, पत्र वाचन व कथा-कथन प्रतियोगिताएं उनकी रुचि, मेधा, लगन और परिश्रम को उद्घाटित कर रही थीं।प्रतियोगिता के परिणामों में शिशु वर्ग में रसड़ा ने 52 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, बाल वर्ग में रसड़ा ने 62 अंकों के साथ प्रथम स्थान और किशोर वर्ग में देवरिया ने 71 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। तरुण वर्ग में भी प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ओवरऑल चैंपियनशिप में नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर रसड़ा ने 236 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, देवरिया ने 232 अंक के साथ द्वितीय स्थान तथा बेल्थरा रोड ने 51 अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवरिया खास, सरस्वती शिशु मंदिर देवरिया, सरस्वती विद्या मंदिर नगरा, नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर रसड़ा तथा परशुराम जानकी सरस्वती विद्या मंदिर बेल्थरा रोड के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि श्रीनाथ मठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरि महाराज, विशिष्ट अतिथि रसड़ा जिले के जिला संघचालक रामबाबू, ओमप्रकाश राय उपस्थित रहे। समापन सत्र में मुख्य अतिथि विभाग प्रचारक अंबेश, प्रांत समरसता प्रमुख अक्षय ठाकुर, नगर संचालक डॉ. सुरेश मिश्रा, सरस्वती शिक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ. रामकुमार तिवारी व संभाग निरीक्षक कन्हैया चौबे ने विजयी प्रतिभागियों को मेडल, शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन और शांति मंत्र पाठ के साथ हुआ।



