ग्राहकों से वसूली गई रकम लेकर फरार हुआ मुथूट फाइनेंस का कर्मचारी, मुकदमा दर्ज

सहतवार (बलिया)। मुथूट फाइनेंस माइक्रोफिन लिमिटेड सहतवार के रीजनल मैनेजर ने अपनी ही कंपनी के एक कर्मचारी पर लाखों रुपये गबन कर फरार होने का आरोप लगाया है। प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रीजनल मैनेजर सुरेंद्र कुमार यादव, निवासी वाराणसी, ने बताया कि सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर निवासी ब्रांच क्रेडिट मैनेजर शिवचन कुमार मौर्या को 13 और 14 अगस्त को बैंक में जमा करने के लिए शाखा से ₹2,60,304 रुपये दिए गए थे। यह राशि 11 कलेक्शन वाउचर के तहत ग्राहकों से वसूली गई थी।
आरोप है कि मौर्या ने रकम बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रख ली और फरार हो गया। जब कंपनी ने संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल बंद मिला और उसने कार्यालय आना भी बंद कर दिया।
कंपनी प्रबंधक ने कहा कि इस धोखाधड़ी से संस्था के कामकाज पर गंभीर असर पड़ा है। उन्होंने आरोपी से पूरी गबन की गई राशि बरामद करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



