
रसड़ा (बलिया)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा ग्राम छितौनी स्थित राजमहल मैरिज हॉल में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया।जिसमें शहीद भगत सिंह, गणेश वंदना, जय भवानी एवं सोशल मीडिया थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति की गई।कार्यक्रम के प्रारंभ में भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय पर्यावरण संयोजक गोपाल आर्या, महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरी जी महाराज, कर्नल केएन सिंह एवं समाज सेविका मीरा सिंह पूर्व प्रधान मंच पर उपस्थित रहीं। हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोपाल आर्या ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत को आशा भरी निगाहों से देख रहा है क्योंकि विश्व का कल्याण भारत की विचारधारा से ही हो सकता है।

हम वसुधेव कुटुंबकम की भावना में विश्वास करते हैं। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि आजादी के 75 साल बीतने के बाद भी भगवान राम एवं रामसेतु पर प्रश्न उठाया जाता है। हमारी आने वाली पीढ़ियां वेदों का नाम नहीं बता सकती।हम अपने देश के महापुरुषों के बारे में अनभिज्ञ हैं। चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह के बारे में हमें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व का कल्याण हिंदुत्व विचारधारा से ही हो सकता है ।उन्होंने कहा कि गाय को पहली रोटी देने वाला हिंदू किसी का बुरा नहीं सोच सकता है।

उन्होंने कहा कि नागपुर से शुरू हुआ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाएं पूरे देश में एक लाख से अधिक हैं। उन्होंने कहा कि हम 82 देशों में हमारा संगठन काम कर रहा है। हमारे 36 विविध संगठन हिंदुत्व का कार्य कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत को पुनः सोने की चिड़िया बनाना चाहता है। उन्होंने कहा कि संघ मुस्लिम विरोधी नहीं है और हम देश विरोधी लोगों का विरोध करते हैं और हमारे यहां हर व्यक्ति सम्मानित है। शाखाओं में महिलाओं की भी भागीदारी है ऐसा कहना गलत है कि संघ में महिलाओं की भागीदारी नहीं है। हमारी 800 शाखाएं राष्ट्रीय सेविका समिति के नाम से चलती हैं जिसमें 150 महिला प्रचारक काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने व्यक्तिगत जीवन में पांच बातों को अहमियत देनी चाहिए। हम केमिकल युक्त सामानों का प्रयोग छोड़ना चाहिए। पर्यावरण पर हमें ध्यान देना चाहिए। ऊंच-नीच का भेदभाव खत्म करना है। पर्यावरण का भाव पैदा करना है। स्वदेशी भाव एवं वेशभूषा होनी चाहिए। महापुरुषों पर गर्व होना चाहिए । स्व का बोध होना चाहिए नागरिक कर्तव्य का अनुपालन होना चाहिए। बड़ों का आदर करना, नागरिक कर्तव्य अनुशासन होना चाहिए। समाज परिवर्तन के लिए सलाह नहीं सहयोग चाहिए।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कर्नल केएन सिंह ने कहा कि हमारी पुरातन संस्कृति है और हजारों सालों से अपनी संस्कृति की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है और सीमा पर लड़ने वाले हमारे फौजी इतने मजबूत होने चाहिए कि विरोधियों को कंपन होने लगे। हिंदू समाज को स्ट्रांग बनाएं। संघे शक्ति कलयुगे का लक्ष्य लेकर चलें। महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरी जी महाराज ने कहा कि हिंदू सम्मेलन के आयोजन को हृदय से धन्यवाद और हम अपने को गर्व से कहें कि हम हिंदू हैं। संघ स्वयंसेवकों की तपस्या से राष्ट्र के प्रति प्रेम का भाव पैदा हुआ है। छुआ-छूत और जातिवाद हिंदू समाज के पतन का कारण होगा। कार्यक्रम का संचालन अमित तिवारी ने किया। सम्मेलन में जिला प्रचारक अनुपम, नवीन, जिला कार्यवाह सतीश, जिला संघचालक डॉक्टर रामबाबू, सह जिला कुटुंब प्रबोधन प्रमुख श्याम कृष्ण गोयल, दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र नेता ऋषिराज सिंह, कौशल किशोर गुप्ता, विकास मौर्य, संजय गुप्ता, संजय सिंह, अजय पांडेय, राजीव सिंह चंदेल, डॉक्टर बृजराज सिंह, सुधाकर पांडेय आदि प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



