
बलिया। बाइक चोरी व अन्य मामलों में वांछित आरोपी को पुलिस ने सोमवार की देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दाहिने पैर में गोली लगने से घायल आरोपी का जिला अस्पताल में इलाज कराने के बाद पुलिस ने चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के तिवारी बरहटा गांव निवासी पवन गुप्ता की बाइक और दस हजार रुपये झांसा देकर बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के डुहीमुशी गांव निवासी 31 वर्षीय दिलीप साहनी ने हड़प लिए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
सोमवार की रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस सारंगपुर रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से आ रहे दिलीप को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के मुताबिक वह महुआबाग मोड़ से बाइक घुमाकर भागने लगा, लेकिन मोड़ पर ही बाइक से गिर गया। आरोप है कि घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दाहिने पैर में गोली लगने से घायल आरोपी का इलाज जिला अस्पताल में कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक, कट्टा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है। एएसपी (उत्तरी) दिनेश शुक्ल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं और वह सुखपुरा थाना क्षेत्र के एक मामले में फरार चल रहा था।
इनसेट: जेल से चेक दिलाने के नाम पर दिया झांसा
पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी को दिलीप साहनी पवन गुप्ता के घर पहुंचा और बताया कि वह उनके बेटे के साथ आजमगढ़ जेल में एक ही बैरक में बंद था। उसने खुद को हाल ही में जेल से छूटा बताते हुए दावा किया कि उसे जेल की ओर से एक लाख बीस हजार रुपये का चेक मिला है। आरोपी ने कहा कि जेलर के एक रिश्तेदार जयनगर गांव में रहते हैं, जिन्हें 20 हजार रुपये देने पर चेक मिलता है।
झांसे में आकर पवन गुप्ता ने दस हजार रुपये दिए और अपने भाई की बाइक से जयनगर के लिए चल पड़े। रास्ते में जयनगर गांव से पहले आरोपी ने मोबाइल गिरने की बात कहकर बाइक और नकदी लेकर फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।



