
रसड़ा (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के रसड़ा-फेफना मार्ग पर रेखहां गांव के समीप सोमवार की रात तेज रफ्तार बाइक और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में रसड़ा की तरफ से अपने गांव जा रहे बाइक सवार फेफना थाना क्षेत्र के मटिहीं गांव के विपिन सिंह उर्फ रविशंकर सिंह (36), पत्नी संगीता सिंह (31) व मासूम पुत्री शिवांशी (6) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे एंबुलेंस से तीनों घायलों को स्थानीय सीएचसी पर ले जाया गया, जहां पर अस्पताल के डाक्टरों ने विपिन सिंह को मृत घोषित कर दिया। मां-बेटी का प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत चिंताजनक होने पर डाक्टरों यहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए मऊ लेकर चले गए।उनका उपचार निजी अस्पताल कराया जा रहा है। दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार हुई कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पाकर परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मृतक का शव कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।



