साइकिल से द्वादश ज्योतिर्लिंग की यात्रा पर निकले युवक की साइकिल में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

दुबहड़(बलिया)। अटूट आस्था और साहस के साथ साइकिल से 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए निकले एक श्रद्धालु के संकल्प को सोमवार को उस समय अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ा, जब क्षेत्र के घोड़हरा ढाला के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हालांकि, इस हादसे में युवक बाल-बाल बच गया, लेकिन उसकी साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पीड़ित युवक की पहचान रोहित कुमार सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी खाकी मठिया,बनियापुर प्रखंड जिला छपरा, बिहार बताया। बताया कि वह अपनी यात्रा की पर थे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल का पिछला हिस्सा पूरी तरह मुड़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही 112 डायल पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुँच गई। मौके पर तैनात कांस्टेबल गजेंद्र कुमार और कांस्टेबल मनु कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल किया और उन्होंने न केवल युवक को ढांढस बंधाया, बल्कि नैतिकता का परिचय देते हुए सक्रिय रूप से मदद की ।पुलिसकर्मियों सहित सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप पांडे पुत्र अवधेश पांडे ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खुद साइकिल की मरम्मत करवाने में मदद की। पुलिस और ग्रामीणों का एक ही उद्देश्य था कि युवक का द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन’ का संकल्प अधूरा न रहे। हादसे के बाद घ टनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सभी ने रोहित के प्रति सहानुभूति दिखाई और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। लोगों ने पुलिस के इस मानवीय चेहरे की जमकर सराहना की।



