
बांसडीह(बलिया)। कस्बा के वार्ड न चार में फतेहसागर पोखरा स्थित शिव मंदिर के पास के कुंआ में शुक्रवार की सुबह 25 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में पानी में शव मिला है। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने शव को पानी से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए जिलाचिकित्सालय भेज दिया। सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच किया।
कस्बा के वार्ड न 10 निवासी 25 वर्षीय सुरेंद्र चौहान सोमवार की सायं से गायब थे। युवक के परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कही पता नहीं चल पाया। दो दिन बाद मृतक के पिता राजबली चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर पड़ोस के ही एक युवक पर साथ ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच कर रही थी। गुरूवार की सायं सुरेन्द्र चौहान का कपड़ा कुंआ के बाहर मिला था। सायं ही परिजनों ने ग्रामीणों व पुलिस के साथ जांच किया था लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था। हांलांकि शुक्रवार की सुबह कुंआ में ही सुरेन्द्र चौहान का शव पानी में उतराया मिला। शव मिलने के बाद मृतक युवक के घर कोहराम मच गया,मृतक के परिजनों का करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।मृतक चार पुत्रों में तीसरे नम्बर का था,युवक की शादी अभी नहीं हुई थी।
कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज की गई थी,मामले की जांच की जा रही है,पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी। मृतक युवक सुरेन्द्र के पिता राजबली के पूर्व में दिए प्रार्थना पत्र में जिस युवक पर घर से ले जाने का आरोप लगाया गया था। उससे पुलिस पूछताछ कर रही हैं।



