
बिहार निवासी युवक ने दोकटी पुलिस को दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस
लालगंज (बलिया) । सोशल मीडिया पर दो रुपए के सिक्के बेचने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक युवक से ₹1,06,398 की ठगी कर ली। ठगी का शिकार हुए युवक ने मामले की शिकायत दोकटी थाने में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार राज्य के बक्सर ज़िले के नवानगर थाना क्षेत्र के शिवपुर गाँव निवासी छोटू सिंह, पुत्र नारद मुनि सिंह, वर्तमान में लालगंज में देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। बताया जाता है कि छोटू सिंह ने सोशल मीडिया पर दो रुपए के सिक्के बेचने से जुड़ा एक प्रचार देखा और उस पर क्लिक कर दिया।
इसके बाद साइबर ठगों ने उनसे संपर्क कर ₹26 लाख रुपये देने का झांसा दिया, परंतु इसके बदले पहले ₹7,000 की मांग की। ठगों के कहने पर युवक ने बताए गए खाते में रुपये जमा कर दिए। ठगों ने इसके बाद ₹14,000 और मांगे। इस तरह कुल मिलाकर ₹1,06,398 रुपये की ठगी कर ली गई।
जब ठगों की ओर से और रुपये मांगे जाने लगे तो युवक को शक हुआ और उसने तुरंत दोकटी थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



