
बलिया। त्याग और बलिदान का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) शनिवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। जिले में इसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बकरीद को लेकर शुक्रवार को बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में खरीदार नए कपड़े व सेवइयों आदि की जमकर खरीदारी किए। वहीं कुर्बानी के लिये बकरों की खरीदारी के लिये विशुनीपुर चौराहा, गुदरी बाजार सहित अन्य जगहों पर लोग जुटे रहे। बाजार में हर कीमत के बकरे उपलब्ध रहे। बकरीद को लेकर मुस्लिम महिलाओं और बच्चों ने भी जमकर खरीदारी की। देर शाम तक बाजार गुलजार रहे। सेवई को लजीज बनाने के लिए खोया की भी जमकर खरीदारी हुई। ईदगाहों और मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग अपने परिवार की सलामती की अल्लाह से दुआ मागेंगे, फिर अपने-अपने घरों में बकरों की कुर्बानी देंगे। जिले के ईदगाहों व मस्जिदों का रंग रोगन के साथ मुस्लिम भाइयों ने अपने-अपने घरों की साफ-सफाई को भी शनिवार को शाम तक अंतिम रूप दे दिया। मस्जिदों व ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ को देखते हुए मस्जिद कमेटी ने विशेष तैयारी की है। प्रशासन की ओर से मुस्लिम समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। खासतौर पर यह हिदायत दी गई है कि कुर्बानी सार्वजनिक स्थलों पर न की जाए और कुर्बानी का गोश्त ढंक कर लें जाएं।
इन जगहों पर होगी नमाज
कुर्बानी की नमाज शहर के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों पर अदा की जाएगी। इनमें ईदगाह, विशुनीपुर मस्जिद, बड़ी मस्जिद गुदरी बाजार, काजीपुरा, उमरगंज, बहेरी सहित अन्य मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की जाएगी। इस दौरन पुलिस प्रशासन की चौकस व्यवस्था रहेगी।