चाकू से गोदकर युवक की हत्या, कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने दो घंटे तक रोकी रफ्तार

रसड़ा (बलिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के संवरा चट्टी के पास स्थित देशी शराब की दुकान के समीप शनिवार को विवाद के दौरान बदमाशों ने दिनदहाड़े इलाके के गुरगुजपुर गांव निवासी सत्यप्रकाश (40) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि शराब पीने के दौरान विवाद में युवक को बदमाशों ने चाकू से गोदकर घायल कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन घायल युवक को स्थानीय सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां पर अस्पताल के डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।उधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मुआवजा आदि की मांग को लेकर शाम को लगभग पांच बजे संवरा चट्टी के पास बलिया-मऊ राजधानी मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।इस दौरान सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला, एसडीएम रवि कुमार, क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह जाम स्थल पर पहुंच गए।इस दौरान कई थानों की पुलिस फोर्स भी पहुंच गयी।घटना से आक्रोशित लोगों ने तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे। अधिकारियों द्वारा चौबीस घंटे के अंदर अपराधियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिये जाने पर लगभग दो घंटे बाद देर शाम सात बजे सड़क जाम समाप्त हुआ। इस घटना में मृतक के भाई ओमप्रकाश ने संवरा गांव निवासी तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर हत्या का आरोप लगाते हुए दिया है।



