क्राइमबलियाबिग ब्रेकिंग

पुलिस मुठभेड़:25 हजार का इनामी गो-तस्कर गिरफ्तार,तमंचा और बाइक बरामद

बलिया । पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दुबहड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार देर रात गो-तस्करी में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अशोक कुमार यादव उर्फ मुन्ना यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात करीब 12:17 बजे दुबहड़ पुलिस टीम ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे पर जनेश्वर मिश्र सेतु जाने वाले रास्ते के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर घिरने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल बदमाश की पहचान अशोक कुमार यादव उर्फ मुन्ना यादव (उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी दरामपुर, थाना फेफना, जनपद बलिया) के रूप में हुई। उसे पकड़कर पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 10 अक्टूबर 2025 की रात वह अपने साथियों विशाल यादव और कमलेश यादव के साथ निर्माणाधीन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पुलिया के पास से मैजिक वाहन में गायें लादकर बिहार वध हेतु ले जा रहा था। उसी दौरान कोतवाली पुलिस ने उसके दोनों साथियों को पकड़ लिया था जबकि वह भागने में सफल रहा था। उसी प्रकरण में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 12 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

अशोक यादव के खिलाफ अब तक 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गो-तस्करी, आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता, NDPS एक्ट, चोरी और मारपीट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button