
लालगंज(बलिया)। दोकटी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में शुक्रवार की रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कलयुगी पुत्र मुकेश कुमार यादव ने अपने ही पिता लालजी यादव (48 वर्ष) तथा भाइयों राकेश कुमार यादव (20 वर्ष) और गोविंद यादव (18 वर्ष) पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में पिता की मृत्यु हो गई, जबकि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही दोकटी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी सोनबरसा भेजा, जहां चिकित्सकों ने लालजी यादव को मृत घोषित कर दिया। घायल राकेश व गोविंद को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के संबंध में मृतक की पत्नी चिंता देवी ने दोकटी थाने में लिखित तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पारिवारिक कलह के दौरान पुत्र मुकेश यादव ने अपनी पत्नी पुष्पा देवी के उकसावे में आकर पिता पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए दोनों भाइयों को भी आरोपी ने घायल कर दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 022/2026 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। आरोपी पुत्र मुकेश कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सोनिया मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास से मुकदमे में वांछित मुकेश यादव एवं उसकी पत्नी पुष्पा देवी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक आशुतोष मद्धेशिया सहित कांस्टेबल राजीव कुमार, धर्मेंद्र यादव, रामबाबू गोस्वामी तथा महिला कांस्टेबल कविता चौहान शामिल रहीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



