ऑपरेशन के दौरान जच्चा व जुड़वा नवजात की मौत,अस्पताल में मिले बच्चों के शव,परिजनों का हंगामा

बलिया । पूर्वाचल नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान जच्चा और जुड़वा नवजात शिशुओं की मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर आक्रोश जताया और कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल के पास स्थित पूर्वांचल हॉस्पिटल में एक महिला को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान महिला और उसके जुड़वा नवजात शिशुओं की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल कर्मियों ने मामले को छिपाने की कोशिश की। उनका कहना है कि काफी देर तक नवजात शिशुओं के बारे में सही जानकारी नहीं दी गई। परिजनों के अनुसार बाद में खोजबीन के दौरान बच्चों के शव अस्पताल के बाथरूम में पड़े मिले, जिसके बाद परिवार के लोग आक्रोशित हो उठे।
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि जिले में कई निजी अस्पतालों के संचालन और उनकी व्यवस्थाओं की जांच होनी चाहिए।
फिलहाल मामले की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग और पुलिस से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।



