
रसड़ा (बलिया)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल रसड़ा की सभा रविवार की देर शाम को नगर के आदित्य मैरिज हाल में हुई। व्यापारिक सभा में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल का आना था, लेकिन वह अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम में नहीं आ सके। विशिष्ट अतिथि अजय साहू प्रदेश महामंत्री कार्यक्रम में पहुंचे। सभा में विशिष्ट अतिथि का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।इस दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के संगठन का विस्तार भी किया गया।इसमें रसड़ा के युवा व्यापारी अविनाश सोनी को युवा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री साहू ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में व्यापारियों के पास समयदान का सबसे बड़ा अभाव है। जिसकी वजह से अधिकारी इसका व्यापक लाभ उठाते हैं। जबकि हमें अपने व्यापारिक कार्यो के अतिरिक्त संगठन को मजबूती प्रदान करने की आवश्यकता है। जब हम समयदान करेंगे तभी मजबूत रहेंगे। साथ ही हम उत्पीड़न और शोषण के खिलाफ आवाज भी उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में 7 करोड़ पंजीकृत व्यापारी हैं और इनसे सरकार को प्रत्येक माह जीएसटी के रूप में 25 लाख करोड़ रुपए आ रहे हैं। इसके बावजूद भी व्यापारियों के यहां सर्वे हो रहे हैं और छापे पड़ रहे हैं। जबकि हम अपना काम पूरी ईमानदारी से कर रहे हैं। हम सरकार से मांग करते हैं कि जो अधिकारी व्यापारियों के यहां सर्वे और छापे डालते हैं, उनके यहां भी छापे पड़ने चाहिए, ताकि यह भी पता चले सके कि अधिकारी कितना भ्रष्ट हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य अधिकारी जब सैंपल भरने आते हैं तो उनका स्वागत करिए और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को बुला लीजिए। उनकी उपस्थिति में सैंपलिंग का कार्य होना चाहिए।अगर वह पेन डाउन करते हैं, तो हम सब व्यापारी अगर सही हैं, और वह हमारा प्रताड़ना करते हैं तो हम शटर डाउन भी करना जानते हैं। किसी भी व्यापारी को किसी भी अधिकारियों से डरने की जरूरत नहीं है। हमारे टैक्स से सरकारी कर्मचारियों को पगार दिया जाता है। हम 7 करोड़ व्यापारी और हमारा एक कर्मचारी कुल मिला करके 14 करोड़ हो जाते हैं जो एक परिवार को जीवन यापन करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। इस तरह से देखा जाए तो हम 70 करोड़ लोगों को पेट भरने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों के लिए रसड़ा ही नहीं पूरा प्रदेश का संगठन व्यापारियों के साथ है। आप व्यापार मंडल के कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा भाग लें और अपने पदाधिकारी से अपनी समस्याओं को बता कर उसका समाधान निकालें। जिलाध्यक्ष श्याम कृष्ण गोयल ने कहा कि व्यापारिक समस्याओं के लिए व्यापारियों को किसी के आगे गिड़गिड़ाने की आवश्यकता नहीं है। व्यापार मंडल उनके हितों की रक्षा करते हुए मामले को समाधान की दिशा में कदम उठाएगी।व्यापारी बंटी अग्रवाल ने ज्ञापन के माध्यम से विशिष्ट अतिथि को समस्याओं से अवगत कराया। सभा में जिला महामंत्री इकबाल अंसारी, रवींद्र गुप्ता, मसूद आलम, भगवान जी, जावेद अंसारी, दाऊद अंसारी, पप्पू जायसवाल, शमशेर अंसारी, शिवजी सिंह, रोहित अग्रवाल, बिट्टू गुप्ता, दिलीप जायसवाल, अमन सोनी, हसनात, अमन जायसवाल आदि रहे। सभा की अध्यक्षता ध्रुवजी जायसवाल एवं संचालन जिलाध्यक्ष श्याम कृष्ण गोयल ने किया।अंत में समापन की घोषणा करते हुए नगर अध्यक्ष अंजनी कुमार गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।