
बलिया । सहतवार–रेवती मार्ग पर गुरुवार की दोपहर हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा एक मैरिज हाल के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची सहतवार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रेवती थाना क्षेत्र के लाल टोला गायघाट निवासी हरमेंद्र चौहान (28) के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति सत्येंद्र चौहान हैं। बताया गया है कि दोनों चाचा-भतीजे हैं और बाइक से रेवती जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार बाइक एक ट्रक से टकरा गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल सत्येंद्र चौहान को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हरमेंद्र चौहान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर दोनों ओर से यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु कराया। थाना अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि हरमेंद्र चौहान की अभी शादी नहीं हुई थी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



