
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। हाथीनाला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मिनि ट्रक से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उस पर लदे 442.50 किग्रा अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत एक करोड़ दस लाख रुपए है। गिरफ्तार तस्कर महाराष्ट्र के निवासी हैं जो भुवनेश्वर से गांजा लादकर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद जा रहें थे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को बताया की एसओजी व थाना हाथीनाला की संयुक्त पुलिस टीम ने एक सुचना के आधार पर हथवानी मोड़ पर जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध एक मिनि ट्रक को जांच के लिए रोका। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करते ही उसमें सवार दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस टीम द्वारा वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर उसके अंदर शीशे की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 19 प्लास्टिक बोरियों में कुल 442.500 किलोग्राम नाजायज गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 01 करोड़ 10 लाख रुपये है।
एसपी ने बताया की गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वाहन में शीशे की बोरियों के बीच गांजा छिपाकर वे ले जा जा रहे थे। गाड़ी मालिक द्वारा हैदराबाद से वारदाना जूट बोरा लदवाकर भुवनेश्वर भेजा गया था। दिनांक 03जनवरी को वाहन खाली होने के बाद गाड़ी मालिक के निर्देश पर भुवनेश्वर से आगे खुर्दा स्थित मदीना होटल पर रुकने को कहा गया। दिनांक 06जनवरी को एक अन्य व्यक्ति वाहन लेकर आया और बताया कि शीशे के साथ अन्य सामान भी लोड है। शीशे की बिल्टी देकर उन्हें फिरोजाबाद के लिए रवाना किया गया। दिनांक 08जनवरी की रात्रि में फोन से बताया गया कि आगरा के बाद फिरोजाबाद जाना है। गांजे का भुगतान प्रायः ऑनलाइन किया जाता था तथा कभी-कभी नकद भी दिया जाता था।
एसपी ने बताया की इस मामले में 43 वर्षीय जावेद बाबूलाल महबूब शेख पुत्र बाबूलाल महबूब शेख निवासी नलदुर्ग,तहसील तुलजापुर,थाना नलदुर्ग, जिला उस्मानाबाद महाराष्ट्र और 36वर्षीय
इस्माइल हजरत जमादार पुत्र हजरत खासिम जमादार निवासी अम्बेडकर नगर,फैझर रोड, शिवसेना कार्यालय के पास, तुर्भे नाका थाना तुर्भे, जिला ठाणे, नवी मुंबई को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 19 प्लास्टिक बोरियों में कुल 442.500 किग्रा नाजायज गांजा जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 01 करोड़ 10 लाख रुपये है बरामद किया गया है। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना हाथीनाला पर एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।



