
बलिया। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मनियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या में वांछित एक अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक नाजायज तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक हीरो मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घटना के संबंध में बताया गया कि दिनांक 09 नवंबर 2025 की रात लगभग 10:45 बजे थाना मनियर पुलिस टीम घोघाचट्टी से बड़ागांव मार्ग पर रात्रि गश्त/चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह बिना रुके पीछे मुड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो उसने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अभिनन्दन पुत्र केदार राजभर निवासी ग्राम महलीपुर, थाना मनियर, जनपद बलिया (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई। वह अपने भाई रघुनन्दन व साले राजू राजभर के साथ मिलकर दिनांक 08 नवंबर 2025 की रात ग्राम महलीपुर में चन्दन राजभर की कुल्हाड़ी से हत्या करने में शामिल था।
घायल आरोपी का इलाज सदर अस्पताल बलिया में चल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। थाना मनियर पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



