
बांसडीह(बलिया) । सहतवार स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार की रात समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह गुड्डू के नेतृत्व में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। युवा संवाद में जुटे सैकड़ों युवाओं की भीड़ ने अपनी बात खुले मंच से रखा। इस दौरान सपा नेताओं ने दावा किया कि ‘पीडीए’ के दम पर 2027 में समाजवादी पार्टी की उप्र में सरकार बनेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भोलानाथ वर्मा और अन्य अतिथियों ने शहीद मंगल पाण्डेय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। युवा संवाद के दौरान युवाओं ने छात्र संघ चुनाव, बढ़ती बेरोजगारी, मंहगाई, बलिया में स्वास्थ्य का गिरता स्तर और विकास योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार जैसे विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठाए। सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू ने इन सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में आमलोग त्रस्त है तथा अधिकारी मस्त है। तहसील, थाना, ब्लाक में कही भी आमलोगों की सुनवाई नहीं हो रही हैं। उन्होंने कहा, सब लोग अपने मन की बात करते हैं, हमारे प्रधानमंत्री भी अपने मन की बात करते हैं। हमने अपने युवा साथियों के मन की बात सुनी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह समस्याओं के प्रश्नों का समाधान अपने स्तर पर और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के माध्यम से आने वाले दिनों में कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने दावा किया कि सरकार से पीड़ित और अपमानित नब्बे प्रतिशत लोग मिलकर सपा की सरकार बनायेंगे। नीरज सिंह गुड्डू ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों को मोमेंटो, अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर स्वागत किया। बच्चा पासवान , सुनिल वर्मा, हीरालाल वर्मा, वीरेन्द्र यादव, ओ पी यादव, राजू सिंह, विन्दा वर्मा, शैलेंद्र पासवान, अंगद यादव, दीपक यादव, प्रदीप चौरसिया, ब्रह्मदेव यादव, नन्द जी यादव , नितेश याद,टुनटुन यादव, राजेश यादव आदि थे।



