
लालगंज (बलिया) । जनपद बलिया के बैरिया तहसील अंतर्गत दुबे छपारा गांव निवासी डॉ. उत्कर्ष दुबे ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित कंबाइंड मेडिकल सर्विस एग्ज़ामिनेशन-2025 में ऑल इंडिया रैंक-72 प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
डॉ. उत्कर्ष दुबे ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा वाणी भारती आदित्य बिड़ला स्कूल, रिशरा (पश्चिम बंगाल) से प्राप्त की। इसके बाद हायर सेकेंडरी की पढ़ाई कोटा, राजस्थान से की,उन्होंने नीट यूजी परीक्षा में AIR-1626 प्राप्त कर कोलकाता मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की।
इसके उपरांत नीट पीजी परीक्षा में AIR-1227 हासिल करते हुए उन्हें एमडी (रेडियोलॉजी) के लिए प्रथम राउंड में नालंदा मेडिकल कॉलेज,पटना तथा द्वितीय राउंड में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज,सूरत आवंटित हुआ,जबकि तृतीय राउंड के लिए उन्होंने अपग्रेड किया है।
डॉ. उत्कर्ष दुबे, अशोक नारायण दुबे एवं बिद्यावती दुबे के पुत्र हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार सहित क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। गांव-क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



