अधिवक्ता बार एसोसिएशन की बैठक,सब रजिस्ट्रार कार्यालय को अन्यत्र हटाने की मांग

रसड़ा (बलिया)।अधिवक्ता बार एसोसिएशन (रसड़ा) सदस्यों की बैठक गुरुवार को सिविल कोर्ट परिसर में एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश यादव की अध्यक्षता में हुई। इसमें मुंसिफ न्यायालय की भूमि पर संचालित सब रजिस्ट्रार कार्यालय को एक सप्ताह के अंदर यहां से अन्यत्र जगह स्थानांतरित नहीं किए जाने पर प्रत्येक शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया गया।इस प्रस्ताव को जिला जज, डीएम व उच्च न्यायालय प्रयागराज के प्रशासनिक जज को भेजने का निर्णय लिया गया।अधिवक्ताओं ने बताया कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय रसड़ा के दस्तावेज लेखकों की ओर से उच्च न्यायालय प्रयागराज में दाखिल पीआईएल को खारिज कर दिया गया है। इसके बाद भी सब रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा न्यायालय सिविल जज (जूनियर डिविजन) रसड़ा के कैंपस को खाली नहीं किया जा रहा है। इससे न्यायालय कार्य करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि इस संबंध में कई बार जनपद न्यायाधीश और डीएम को प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है लेकिन अब तक कोई विधिक कार्रवाई नहीं की गई।इस मौके पर रामशब्द यादव, इंद्रदेव यादव, भुवनेंद्र सिंह, सुशील सिंह, धर्मेंद्र यादव, नवरत्न यादव, मुकेश यादव, अजय यादव, प्रमोद वर्मा, रविकांत शर्मा, अजय सिंह, दीपक रावत आदि रहे। संचालन महासचिव अमित मणि त्रिपाठी ने किया।



