
बलिया। संवाददाता। दैनिक भास्कर के लिए लखनऊ से शराब तस्करी पर स्टिंग आपरेशन के साथ रिपोर्टिंग पहुंचे सीनियर रिपोर्टर को बैरिया थाना क्षेत्र में शराब तस्करों ने मारपीट किया तथा मोबाइल छीनकर उसमें से वीडियों को डिलीट कर दिया । घटना की जानकारी पत्रकार ने बैरिया पुलिस को दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2003 की धारा 115(2), 252, 351(3), 126(2), व 238 के तहत एक नामजद व तीन अज्ञात के विरुद्ध के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दैनिक भास्कर के सीनियर रिपोर्टर शुभम श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि वह लखनऊ से सुरेमनपुर छः नवंबर 2025 को सुबह आठ बजे पहुंचे। सात नवम्बर को सुबह करीब नौ बजे सुरेमनपुर में अंग्रेजी शराब के ठेके पर स्थानीय सोर्स के साथ गया था। वहां से कोटवा गांव की तरफ जाते समय विश्वकर्मा मंदिर के पास गोन्हिया छपरा गांव निवासी सनी सिंह ने रास्ते मे रोक लिया । रोकते ही सबसे पहले मेरा मोबाइल छीन लिया और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी । उसके बाद उसके तीन साथी और बाइक से आ गए और मारपीट करना शुरू कर दिया और मेरे फोन छीन लिए। सभी ने मुझे वहां से बाइक से किसी और जगह ले गए। तीन से चार लोगों ने जबरदस्ती करते हुए मोबाइल का लाक खुलवाया और फोन में बने हुए सारे वीडियो डिलीट कर दिए। इसके बाद मेरा मोबाइल मुझे वापस कर दिया। पुलिस को शुभम ने बताया कि आरोपी ने यूपी से बिहार में ट्रेन के जरिए शराब पहुंचाने की फुल गारंटी ली थी। ट्रेन से एक चक्कर का एक हजार दो सौ रुपया प्रति आदमी का एवं एक चक्कर की बात हुई थी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।



