कार्यवायीक्राइमबलियाबिग ब्रेकिंगलालगंज

फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर करोड़ों की धोखाधड़ी:विद्यालय के अध्यक्ष, प्रबंधक समेत 16 पर मुकदमा,एक गिरफ्तार

दोकटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार,करोड़ों की उगाही कर बीस लोगों को थमाए गए फर्जी लेटर

लालगंज (बलिया)। शिक्षा क्षेत्र मुरलीछपरा के दो प्रबंधकीय माध्यमिक विद्यालयों में करोड़ों रुपये की उगाही कर कूटरचित तरीके से बीस लोगों के नाम से फर्जी अनुमोदन और नियुक्ति पत्र जारी करने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में विद्यालय के अध्यक्ष, प्रबंधक, प्रधानाध्यापक सहित 16 लोगों के खिलाफ दोकटी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के राष्ट्र पूर्व माध्यमिक विद्यालय लूटईपुर (बहुआरा) तथा कन्या जूनियर हाईस्कूल लालगंज में नियुक्ति के नाम पर बीस लोगों से करोड़ों रुपये की वसूली की गई। आरोप है कि इस राशि के बदले फर्जी अनुमोदन लेटर और नियुक्ति पत्र तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया।
जब लाभार्थी नियुक्ति पत्र लेकर विद्यालय पहुंचे तो सारा खेल खुल गया जमीन पर हकीकत कुछ और ही निकली। धोखाधड़ी का एहसास होते ही पीड़ितों के होश उड़ गए। उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने की कोशिश की, लेकिन पैसा लेने वाले सभी आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित अमरनाथ साह निवासी नशीरपुर (थाना नगरा, बलिया) ने इस संबंध में दोकटी थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी बैरिया फहीम कुरैशी ने की। जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक बलिया को सौंपी गई, जिसके आधार पर एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने विद्यालय के अध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी, प्रबंधिका रमा तिवारी, प्रधानाध्यापक अजय कुमार सहित 16 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा संख्या 241/2025 पंजीकृत किया।
इन पर धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 316(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष द्वारा गठित टीम -उपनिरीक्षक आशुतोष मद्धेशिया, कांस्टेबल रंजीत यादव एवं महेंद्र पटेल ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को हृदयपुर ढाला से वांछित रूपेश कुमार तिवारी पुत्र बसंत तिवारी निवासी बहुआरा को गिरफ्तार कर न्यायालय को सुपुर्द कर दिया।
थानाध्यक्ष दोकटी अनुपम जायसवाल ने बताया कि “मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, जांच पूरी पारदर्शिता से की जा रही है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button