
लालगंज (बलिया)। भारतीय डाक विभाग द्वारा विद्यार्थियों में सृजनात्मक लेखन, नैतिक मूल्यों एवं आदर्श व्यक्तित्वों से प्रेरणा ग्रहण करने की भावना विकसित करने के उद्देश्य से “ढाई अक्षर – मेरे आदर्श को पत्र” प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
उपमंडल बैरिया के अंतर्गत तीन विद्यालयों में आयोजित इस प्रतियोगिता श्रृंखला के क्रम में बुधवार, 08 अक्टूबर 2025 को श्री शिवनंदन गिरि पूर्व माध्यमिक विद्यालय, भगवानपुर में प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने-अपने आदर्श व्यक्तित्वों के नाम प्रेरणादायी पत्र लिखे और अपनी भावनाओं को सुंदर एवं प्रभावशाली शब्दों में व्यक्त किया। पत्र लेखन के माध्यम से विद्यार्थियों ने जीवन में आदर्शों के महत्व को रेखांकित करते हुए उनके प्रेरक विचारों को साझा किया।
कार्यक्रम के दौरान “मेरे आदर्श” विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में ज्ञानवर्धन के साथ-साथ आत्म-अभिव्यक्ति, रचनात्मकता एवं सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित किया।
यह कार्यक्रम उपमंडल कार्यालय, बैरिया के तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं डाक विभाग के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पत्र लेखन की परंपरा को पुनर्जीवित करना, आदर्श व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना, लेखन एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना तथा सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।
“ढाई अक्षर – मेरे आदर्श को पत्र” प्रतियोगिता भारतीय डाक विभाग की एक प्रेरणादायी पहल है, जो शिक्षा, संस्कार एवं सृजनशीलता का सुंदर संगम प्रस्तुत करती है।
कार्यक्रम का संचालन शाखा डाकपाल अभिषेक एवं सहायक डाकपाल सुमंत कुमार के नेतृत्व में किया गया l



