रेवती में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार,175 लीटर शराब बरामद

रेवती (बलिया)। स्थानीय पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नवका गांव माझा निवासी संदीप उर्फ सुधीर पासवान को रेवती–झरकटा मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 960 टेट्रा पैक (ऑफिसर च्वाइस) कुल 175 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की।
बताया जाता है कि एसओ अनुपम जायसवाल वारंटियों की तलाश में एसआई ऋषिकेश गुप्ता, शिवशंकर जायसवाल और पुनीत चौरसिया के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहा संदीप पुलिस की गाड़ी देखते ही छिपने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की, जिसके बाद झाड़ियों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई।
बरामद शराब की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार तस्कर इस शराब को सरयू नदी के रास्ते बिहार भेजकर ब्लैक में बेचने की फिराक में थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धारा 60(1) व 63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



