वरासत के मामले मे डीएम ने कानूनगो व लेखपाल को सस्पेंड करने के लिए दिये आदेश

बलिया। जिले के सिकंदरपुर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए कानूनगो रामपूजन राम और लेखपाल संतोष पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दे दिए।
समाधान दिवस में एक शिकायतकर्ता ने डीएम को बताया कि उसने नवंबर 2025 में वरासत के लिए आवेदन किया था, लेकिन दो महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और जांच में लापरवाही पाए जाने पर दोनों राजस्व कर्मचारियों पर कार्रवाई कर दी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने पुलिस से जुड़े मामलों में थानों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, अवैध कब्जा, वरासत, बैनामा और भूमि विवाद से जुड़ी बड़ी संख्या में शिकायतें आईं। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि जनता के मामलों में अब ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।



