फर्जी IPS अधिकारी बनकर युवती से शादी, सच्चाई उजागर होने पर दी जान से मारने की धमकी

लालगंज (बलिया) । प्रेम और विश्वास के रिश्ते को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। एक युवक ने खुद को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) का अधिकारी बताकर एक युवती से धोखाधड़ीपूर्वक विवाह किया। जब पत्नी को इस कूट रचित पहचान की सच्चाई का पता चला, तो उसने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
पेशी पैड के माध्यम से पहुँचा प्रार्थना पत्र वादिनी अनुष्का, पुत्री बनिया प्रसाद, निवासी गोपालगंज, बिहार, द्वारा दिया गया प्रार्थना पत्र पेशी पैड कार्यालय पुलिस अधीक्षक बलिया से होकर थाना दोकटी को 6 नवम्बर को प्राप्त हुआ।
प्रार्थना पत्र में वादिनी ने आरोप लगाया कि अभियुक्त सुधीर कुमार राम, पुत्र बिरेन्द्र कुमार राम, निवासी ग्राम – हृदयपुर, थाना – दोकटी, जनपद – बलिया (उत्तर प्रदेश), ने कूट रचित (फर्जी) पहचान पत्र तैयार कर स्वयं को IPS अधिकारी बताकर उससे विवाह किया।
जब वादिनी को इस धोखाधड़ी की सच्चाई का पता चला और उसने विरोध किया, तो अभियुक्त और उसके परिजनों ने उसे भद्दी-भद्दी गालियाँ दीं, जान से मारने की धमकी दी और कहा कि यदि उसने कोई कानूनी कार्यवाही की तो उसके पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
भयभीत होकर पीड़िता ने थाना दोकटी में शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार की।थानाध्यक्ष ने दिखाई तत्परता, आरोपी गिरफ्तार पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त प्रार्थना पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष दोकटी अनुपम जायसवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा संख्या 240/2025 धारा 319(2), 338, 336(3), 340(2), 352, 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष ने उनि. रंजीत कुमार, हेड कांस्टेबल हरिओम सिंह, तथा कांस्टेबल गिरिजेश कुमार की टीम गठित कर विशेष छापेमारी के निर्देश दिए।
टीम ने शुक्रवार को बाजीदपुर ढाला से अभियुक्त सुधीर कुमार राम को गिरफ्तार कर लिया। तलासी के दौरान उसके पास से एक जोड़ी खाकी वर्दी,टेरीकॉट,एक लेनयार्ड,दो सफेद धातु के स्टार,एक जोड़ी सफेद अशोक स्तंभ,एक फर्जी आईडी कार्ड,एक आधार कार्ड,
तथा एक टैबलेट बरामद किया । थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच से स्पष्ट है कि अभियुक्त ने योजना बनाकर फर्जी पहचान तैयार की और युवती को भ्रमित कर शादी की, जो गंभीर अपराध है।
पुलिस ने अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।



