चोरीबलियाबिग ब्रेकिंग

एसबीआई बांसडीह में चोरी का असफल प्रयास,दीवार तोड़कर चोरो ने उखाड़ा जंगला


बांसडीह (बलिया)। कस्बा स्थित कोतवाली से महज 100 मीटर की दूरी पर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) बांसडीह शाखा में मंगलवार देर रात चोरों ने चोरी का असफल प्रयास किया। चोरों ने बैंक की पीछे की पक्की दीवार तोड़कर, जंगले की ग्रिल उखाड़ते हुए अंदर घुसने की कोशिश की तथा अंदर लगी प्लाई को भी तोड़ दिया। हालांकि बैंक में रखा कैश व अन्य महत्वपूर्ण सामान पूरी तरह सुरक्षित पाया गया।

घटना की जानकारी बुधवार सुबह करीब 10 बजे उस समय हुई जब बैंककर्मी शाखा पर पहुंचे। कर्मचारियों ने देखा कि अंदर के एक कमरे की खिड़की पर लगा प्लाई उखड़ा हुआ है और सामान अस्त-व्यस्त है। इसके अलावा बैंक की खिड़की के बाहर गली में एक स्टेनलेस स्टील का छोटा बक्सा खुला पड़ा मिला। चोरों द्वारा बैंक की एक अलमारी भी तोड़ी गई थी।
कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना शाखा प्रबंधक दिनेश मौर्य को दी, जिन्होंने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रवीण कुमार सिंह को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बलिया से पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ला ने बताया कि चोरों ने दीवार तोड़कर और ग्रिल उखाड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन किसी भी प्रकार की नकदी या सामान की चोरी नहीं हुई है। मामले की गहन जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने भी बैंक परिसर का निरीक्षण किया और टूटे हुए दीवार व जंगले को देखकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैंक के मुख्य सुरक्षा प्रबंधक उपेंद्र सोनकर ने बताया कि बैंक प्रबंधन ने घटना को गंभीरता से लिया है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
कस्बे के अति व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना से लोगों में चिंता है। खास बात यह है कि भारतीय स्टेट बैंक और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की शाखाएं अगल-बगल स्थित हैं और दोनों ही जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। जिस सड़क पर बैंक स्थित है, वह स्टेट बैंक रोड के नाम से जानी जाती है और हमेशा व्यस्त रहती है।
सूत्रों के अनुसार देर रात करीब एक बजे सीसीटीवी फुटेज में मुंह बांधे एक व्यक्ति को बैंक के अंदर प्रवेश करते हुए देखा गया है। उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पूर्व तक बैंक में 24 घंटे गार्ड की तैनाती रहती थी, लेकिन चेस्ट समाप्त होने के बाद सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी भी हटा दी गई थी ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button