
रसड़ा (बलिया)।कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रधानपुर क्षेत्र स्थित डूमरकोठी-मंगरौली के समीप सड़क के किनारे गुरुवार को सुबह लगभग सात बजे एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। इसकी जानकारी जैसे ही लोगों को हुई मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच कर मृतक की पहचान के लिए जुट गई लेकिन काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके संबंध में हल्का क्षेत्र के उप निरीक्षक सचिन सरोज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। बताया जा रहा है कि सुबह में खेत की तरफ शौच के लिए जा रहे एक व्यक्ति की नजर शव पर पड़ी तो उसने आसपास के लोगों को तुरंत इसकी जानकारी दी। यह खबर जंगल की आग की तरह इलाके में फैल गई और काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने वृद्ध की शिनाख्त का प्रयास की लेकिन पता नहीं चल पाया।मृतक के चेहरे पर खून लगा हुआ है। पुलिस का कहना है कि सड़क के किनारे ईंट पर गिरने के कारण नाक से खून का रिसाव होने से चेहरे पर खून लगा है।मृतक सफेद शर्ट और मैरून रंग का लुंगी पहन रखा है।अज्ञात शव को लेकर ग्रामीणों में कई तरह की चर्चाएं चल रही है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।



