सेमरिया ढाला के पास दो पक्षों में विवाद, छह राउंड फायरिंग से क्षेत्र में दहशत

लालगंज (बलिया)। दोकटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया ढाला के पश्चिम बुधवार दोपहर दो पक्षों के बीच विवाद में जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच छह राउंड गोली चली, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दोकटी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कोई भी पक्ष उपस्थित नहीं मिला। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, एक पक्ष नाव से वीएसटी बंधे की ओर आ रहा था, जबकि दूसरा पक्ष पहले से ही बंधे पर मौजूद था। नाव पर सवार लोगों को देख बंधे पर खड़े पक्ष ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद गोलीबारी शुरू हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। नाव पर मौजूद पक्ष जान बचाकर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह विवाद शराब तस्करी से जुड़ा हो सकता है। वहीं कुछ लोगों ने दावा किया कि मंगलवार को भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था और तब भी गोली चलने की बात सामने आई थी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बैरिया फ़य्यूम कुरैशी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच जारी है, पुष्टि होने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।