बैरिया : उप जिलाधिकारी कार्यालय से 45 महत्वपूर्ण पत्रावलियां गायब, तत्कालीन पेशकार पर मुकदमा दर्ज

लालगंज (बलिया)। बैरिया तहसील स्थित उप जिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय से 45 एवं 23 कोर्ट की महत्वपूर्ण पत्रावलियों के गायब होने का मामला सामने आया है। यह खुलासा आरसीसीएमएस पोर्टल पर दर्ज लंबित वादों के भौतिक सत्यापन के दौरान हुआ। प्रकरण को गंभीर मानते हुए रविवार को तत्कालीन पेशकार वीरेंद्र राम के खिलाफ बैरिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात राजस्व अलहमद की तहरीर पर की है। तहरीर में बताया गया है कि संबंधित पत्रावलियां काफी समय से न्यायालय से अनुपलब्ध हैं, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है।
गौरतलब है कि इस मामले को लेकर पूर्व में भी कई बार विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। बीते 30 सितंबर को भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत उपाध्याय ने बैरिया तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया था और जिलाधिकारी मंगला प्रसाद को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके अलावा अधिवक्ताओं और वादकारियों ने भी कई बार पत्रावलियों के गायब होने पर आपत्ति दर्ज कराई थी।
बैरिया के प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चूंकि प्रकरण एक सरकारी कर्मचारी और उप जिलाधिकारी न्यायालय से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसकी गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



