बलियाबाढ़बिग ब्रेकिंग

शिवपुर कपूर दीयर के बाढ़ पीड़ितों को अब तक नहीं मिली राहत सामग्री, ग्रामीणों में आक्रोश

लालगंज (बलिया)। शिवपुर कपूर दीयर ग्राम पंचायत के सैकड़ों बाढ़ प्रभावित ग्रामीण अब तक बाढ़ राहत सामग्री से वंचित हैं। तहसील प्रशासन की लापरवाही और अधूरे वितरण को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्राम पंचायत की पूरी आबादी बाढ़ की चपेट में आई थी। पंचायत की ओर से कुल 2500 बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची तहसील प्रशासन को सौंपी गई थी। इसी क्रम में 16 अगस्त को शिवपुर कपूर दीयर के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरण के लिए बुलाया गया। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में लेखपालों ने करीब 500 बाढ़ पीड़ितों को राशन वितरण हेतु पर्ची दी, लेकिन इनमें से केवल 425 लोगों को ही सामग्री मिल सकी।

शेष 75 लोग पर्ची लेकर और सैकड़ों लोग बिना पर्ची के पिछले एक सप्ताह से ग्राम प्रधान के दरवाजे और इंटर कॉलेज मुरारपट्टी के चक्कर काटते थक चुके हैं, लेकिन अब तक किसी को भी राहत नहीं मिल सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन केवल आधा-अधूरा वितरण कर पल्ला झाड़ चुका है।

इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। पीड़ित परिवार तहसील प्रशासन और प्रदेश सरकार की व्यवस्था को कोस रहे हैं।

गुरुवार को ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि ब्रजेश बिन ने प्रधान संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि अमित सिंह के साथ मिलकर उपजिलाधिकारी बैरिया को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बाढ़ प्रभावितों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई, तो 25 अगस्त को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button