
ग्राम पंचायतों में कैंप लगाकर होगी फॉर्मर रजिस्ट्री, अधिकारियों को सख्त निर्देश
खतौनी त्रुटियां तुरंत सुधारें, किसानों को न हो परेशानी:डीएम
फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए प्रशासन का मेगा प्लान,कंट्रोल रूम होंगे स्थापित
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने रविवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में फॉर्मर रजिस्ट्री को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में 06 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विशेष कैंप लगाकर फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से पूरा किया जाए।
डीएम ने कहा कि अभियान की निगरानी के लिए जनपद स्तर, तहसील और ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं और हर दो घंटे में प्रगति रिपोर्ट ली जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैंप की जानकारी पहले से ही ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों को दे दी जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। किसानों को कैंप स्थल तक लाने के लिए सफाई कर्मियों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और कोटेदारों का सहयोग लेने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने लेखपालों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिन किसानों के नाम खतौनी में गलत दर्ज हैं या अंश निर्धारण में त्रुटि है, उसे तुरंत ठीक किया जाए, जिससे फॉर्मर रजिस्ट्री में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन गांवों में सबसे कम फॉर्मर रजिस्ट्री हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि यह अभियान 6 से 15 अप्रैल तक चलाया जाएगा और लक्ष्य है कि इसी माह 100 प्रतिशत रजिस्ट्री पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए 15 अप्रैल तक ही लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करें। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन, समस्त एसडीएम, समस्त बीडीओ, समस्त लेखपाल, उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



