
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह–मनियर मार्ग पर कस्बा स्थित पाण्डेय के पोखरा के पास होली की देर रात बुधवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बोलेरो बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि मनियर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने पहले बांसडीह से मनियर की ओर जा रही एक बाइक को टक्कर मारी, इसके बाद दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद चालक बोलेरो पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराकर पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस सड़क हादसे में कोतवाली क्षेत्र के कैथवली गांव निवासी 19 वर्षीय नीरज गोंड की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे कैथवली निवासी 22 वर्षीय आकाश गोंड घायल हो गए। दूसरी बाइक से मनियर की ओर जा रहे बैरिया कस्बा निवासी 41 वर्षीय राजेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि बोलेरो पलटने के बाद चालक व अन्य सवार मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद कैथवली गांव में कोहराम मच गया है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



