
बेल्थरारोड(बलिया)। गाजीपुर जनपद के मीरपुर थाना क्षेत्र के निवासी एवं देवरिया जनपद के बरहज थाने में तैनात कांस्टेबल शैलेश कुमार मंगलवार की सुबह अपनी माताजी दुर्गावती देवी (60), पत्नी रविंद्र नाथ तथा बच्चों पीहू गौतम (6) और अक्षिता गौतम (8) के साथ स्विफ्ट कार से गाजीपुर से देवरिया जा रहे थे।
इसी दौरान उभांव थाना क्षेत्र के बिङहरा गांव के सामने सुबह करीब सात बजे विपरीत दिशा से आ रही अर्टिगा कार से स्विफ्ट की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्विफ्ट कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए।
हालांकि हादसे में कांस्टेबल की माताजी दुर्गावती देवी को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया।
वहीं अर्टिगा कार में सवार दोनों लोग पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा, लेकिन समय पर एयरबैग खुलने से एक बड़ा हादसा टल गया।



