
रसड़ा (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के गढ़िया रेलवे क्रासिंग से कुछ दूर पहले सड़क के किनारे शनिवार को सुबह में एक चाय की दुकान पर चाय पी रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंद दिया और विद्युत खंभा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में एक अधेड़ की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय सीएचसी पर ले जाया गया, जहां पर अस्पताल के डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को यहां से जिला चिकित्सालय को रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पहुंच गयी। हादसे के बाद भाग रहे पिकअप को पुलिस कुछ दूर आगे पकड़ कर थाने लेकर चली गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।जानकारी के अनुसार गढ़िया गांव के अशोक कुमार (60), अखिलेश गुप्ता (55) व शंकर खरवार (50) शनिवार को सुबह में मार्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। तीनों लोग टहलने के बाद गढ़िया गांव स्थित रेलवे क्रासिंग के पास अशोक गोंड की चाय की दुकान पर पहुंचे और खड़े होकर चाय पी रहे थे।इस बीच रसड़ा की तरफ से मऊ की ओर तेज स्पीड में जा रही पिकअप ने तीनों लोगों को रौंद दिया और एक बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। दुर्घटना में शंकर खरवार की मौत हो गई। जबकि घायल अशोक कुमार और अखिलेश गुप्ता का रसड़ा सीएचसी में उपचार कराया गया। दोनों की हालत चिंताजनक होने पर डाक्टरों ने उन्हें यहां से जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए मऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।



