
दुबहड़( बलिया )। स्थानीय थाना अंतर्गत शिवपुर दियर नई बस्ती-बेयासी के मलाह बस्ती में सोमवार की तड़के सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग में घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। वहीं आग से पालतू एक बकरी भी जल कर मर गई और एक गाय भी झुलस गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंच कर ग्राम प्रधान धर्मेंद्र यादव भुवर गांव के संबंधित लेखपाल को फोन किए, लेकिन लेखपाल का फोन स्विच ऑफ मिल रहा था।
जानकारी के अनुसार शिवपुर दियर नई बस्ती-बेयासी के मलाह बस्ती में बैजनाथ साहनी के घर के लोग गहरी निद्रा में सोए थे कि अचानक सोमवार की तड़के सुबह लगभग 2:00 बजे रिहायशी घर से आग की लपटें निकलने लगी। लोग कुछ समझ पाते तब तक आग की लपटें विकराल होकर आसपास के तारा देवी पत्नी स्वर्गीय अयोध्या साहनी, नंदलाल साहनी, नंद जी साहनी के रिहायशी घर में भी आग पकड़ लिया। आनन फानन में आसपास के लोग किसी प्रकार आग पर काबू पाए। तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया था। आग के कारण रिहायशी झोपड़ियों के घर में रखे गए बक्से, जेवर, कपड़े, चारपाई, चौकी, अनाज, पशु चारा, साइकिल, जीवन यापन के लिए घरेलू सामान आदि जलकर खाक हो गया। आग में बकरियां भी जलकर मर गई तथा गाय भी झुलस गई। इस बीच आग बुझाते समय सोनू साहनी का हाथ भी जल गया। घर में रखे गए सारे सामान आग से जल जाने के बाद गरीब परिवार बेसहारा हो गया है।